खान सर को मिल गई कोर्ट से बड़ी राहत, क्या फिर से शुरू होगी उनकी स्पेशल कोचिंग क्लास?

Khan Sir Latest Update: खान सर को पटना कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. अदालत ने 10 जून तक उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी. वकील के अनुसार अब वे कोचिंग चलाने, पढ़ाने और पुलिस जांच में सहयोग करने के लिए स्वतंत्र हैं.

Khan Sir

Khan Sir

यूपी तक

• 11:31 AM • 09 Jun 2026

follow google news

Khan Sir Latest Update:पटना में दो दिग्गज शिक्षकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई के बाद कानूनी शिकंजे में फंसे 'खान ग्लोबल स्टडीज' के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर को अदालत से बड़ी राहत मिली है. पटना के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रूपेश देव की अदालत ने खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है. इस फैसले के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या खान सर अब पहले की तरह कोचिंग में क्लास ले पाएंगे? उनके अधिवक्ता के मुताबिक, अब खान सर न केवल पुलिस के सामने आएंगे बल्कि जांच में पूरा सहयोग भी करेंगे और वह अपनी कोचिंग चलाने के लिए स्वतंत्र हैं.

यह भी पढ़ें...

10 जून तक गिरफ्तारी पर रोक

पटना व्यवहार न्यायालय में खान सर के वकील अरविंद कुमार मऊआर ने जोरदार बहस की. कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से केस डायरी तलब की है. अधिवक्ता ने बताया कि चूंकि यह सुनवाई की पहली तारीख थी. इसलिए अदालत ने तथ्यों की समीक्षा के लिए डायरी मंगवाई है और अगली सुनवाई की तारीख 10 जून तय की है. तब तक पुलिस फैजल खान को गिरफ्तार नहीं कर सकेगी.

क्या खान सर फिर से पढ़ा पाएंगे?

खान सर के छात्रों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या वे दोबारा क्लास ले सकेंगे? इस पर हमारे संवाददाता सुजीत गुप्ता ने खान सर के वकील से बातचीत की. वकील अरविंद मऊआर ने साफ शब्दों में कहा 'वह (खान सर) अब पूरी तरह फ्री हैं. वह जहां चाहें कोचिंग करना, पढ़ाना सब कर सकते हैं. वह अब पुलिस से मिलेंगे भी और जांच में पूरा सहयोग भी करेंगे.' यानी कानूनी तौर पर अब उनकी टीचिंग पर कोई पाबंदी नहीं है.

पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे खान सर

पुलिस का दावा था कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से खान सर फरार चल रहे थे. इस पर वकील ने कहा कि वे फरार थे या नहीं, इस पर मैं टिप्पणी नहीं करूंगा. लेकिन अब राहत मिलने के बाद वे सामने आएंगे. उन्होंने आगे कहा कि 'बहस के दौरान हमने कानून के बिंदुओं और एफआईआर की विसंगतियों को न्यायालय के सामने रखा, जिसे सुनने के बाद कोर्ट ने अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है.'

गार्ड्स के मामले में भी होगी सुनवाई

इस विवाद की शुरुआत 2 जून को हुई थी जिसमें खान सर के दो गार्ड्स पर फायरिंग का आरोप लगा था. फिलहाल वे दोनों पुलिस हिरासत में हैं. वकील ने जानकारी दी कि उन गार्ड्स से जुड़े तथ्यों और डायरी को लेकर भी मजिस्ट्रेट साहब से रिपोर्ट मांगी गई है जिस पर कल दोबारा बहस होने की संभावना है.

छात्रों में खुशी की लहर

जब से गिरफ्तारी की खबर आई थी खान सर के स्टूडेंट्स इस बात को लेकर परेशान थे कि उनकी पढ़ाई बाधित होगी. लेकिन अब अंतरिम राहत मिलने के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि खान सर जल्द ही अपने डिजिटल बोर्ड पर लौटेंगे और छात्रों को उसी अंदाज में पढ़ाते नजर आएंगे जिसके लिए वे दुनिया भर में मशहूर हैं.