'इसका आपराधिक इतिहास है, इससे मुझे डर लग गया है...', आशुतोष ब्रह्मचारी के वीडियो पर जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने खुलकर कह दी ये बात

Ashutosh Brahmachari Statement: आशुतोष ब्रह्मचारी के आरोपों पर जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने चिंता जताई. उन्होंने प्रशासन से मामले की सघन जांच कराने और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की मांग की.

Ramabhadracharya And Ashutosh Brahmachari

Ramabhadracharya And Ashutosh Brahmachari (File Photo)

संतोष शर्मा

• 03:59 PM • 09 Jun 2026

follow google news

Jagadguru Rambhadracharya Statement: धार्मिक जगत में एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है, जहां आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य एवं उत्तराधिकारी पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद मामला और तूल पकड़ता जा रहा है. इसी बीच जगद्गुरु रामभद्राचार्य का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर और अपने उत्तराधिकारी पर खतरे की आशंका जताई है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है.

यह भी पढ़ें...

आशुतोष ब्रह्मचारी के आरोपों से बढ़ा विवाद

आशुतोष ब्रह्मचारी ने पहले एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि उनके गुरु जगद्गुरु रामभद्राचार्य की सुरक्षा को लेकर खतरा है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके शिष्य एवं उत्तराधिकारी रामचंद्र दास उनके खिलाफ साजिश कर सकते हैं. आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा था, ''यदि मेरे गुरुदेव पूज्य जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की हत्या होती है या उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी रामचंद्र दास की होगी.'' उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास इसके पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

जगद्गुरु रामभद्राचार्य का बयान सामने आया

अब जगद्गुरु रामभद्राचार्य का भी एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बेहद भावुक और चिंतित नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा, 'आज एक ऐसी घटना हुई, जिसके संज्ञान से मेरे मन को बहुत आघात लगा है.' उन्होंने आगे कहा कि उन्हें आशंका है कि उनके खिलाफ कोई षड्यंत्र रचा जा रहा है. रामभद्राचार्य ने कहा, 'आशुतोष ब्रह्मचारी के इस वक्तव्य से मुझे ये आशंका हो गई है कहीं यही तो नहीं मेरी छवि और मेरे उत्तराधिकारी की छवि नष्ट करके कोई षड्यंत्र कर रहा है. इससे मुझे डर लग गया है.'

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

अपने बयान में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने प्रशासन से मामले की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा, 'मैं देश-विदेश में कथा वाचन करता हूँ, आचार्य धर्म का निर्वहन करता हूँ, लेकिन इस प्रकार की घटना से मैं बहुत आहत हूँ.' उन्होंने आगे कहा, 'इसका आपराधिक इतिहास है, इसको जानकर भी मैं बहुत कंपित हूँ. मैं प्रशासन से कहूँगा कि इसकी सघन जांच हो और जो संवैधानिकता तथ्य के अनुसार उचित हो वही किया जाए.' उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के दुष्प्रचार और आरोपों की घोर निंदा होनी चाहिए और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए.

आशुतोष ब्रह्मचारी के अन्य आरोप

आशुतोष ब्रह्मचारी ने अपने वीडियो में रामचंद्र दास पर कई गंभीर आरोप भी लगाए. उन्होंने कहा, 'जिसने छोटे-छोटे बच्चों के साथ कुकर्म किया था और कुछ अधिकारियों ने उसको बचा लिया था.' आशुतोष ब्रह्मचारी ने दावा किया, 'उसका भाई गुजरात में सोने का व्यापार करता है और गुरु का जो पैसा आता है, उसे इकट्ठा करके अपने भाई को दे देता है.' हालांकि इन सभी आरोपों पर अभी तक किसी तरह की आधिकारिक जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है.
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से गंभीर बयान सामने आ चुके हैं. यदि प्रशासन द्वारा जांच शुरू की जाती है तो ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.